Home उत्तर प्रदेश धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा पर राजा भैया का बड़ा बयान: “पूरा...

धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा पर राजा भैया का बड़ा बयान: “पूरा जनसत्ता परिवार है यजमान, सिर्फ मैं नहीं”

PRATAPGARH NEWS: बेंती कोठी में आगामी नवंबर माह में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त श्रीराम एवं हनुमंत कथावाचक पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय दिव्य कथा को लेकर कुंडा विधायक एवं जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर आयोजन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। राजा भैया ने सोशल मीडिया पर चल रही उस चर्चा का खंडन किया, जिसमें उन्हें कथा का मुख्य यजमान बताया जा रहा था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि संपूर्ण जनसत्ता दल लोकतांत्रिक परिवार का सामूहिक आयोजन है। उन्होंने कहा, “इतने विशाल धार्मिक आयोजन सभी के सहयोग से सफल होते हैं। यह कहना उचित नहीं है कि केवल राजा भैया ही मुख्य यजमान हैं। पूरा जनसत्ता परिवार इस कथा का यजमान है।” उन्होंने मीडिया के माध्यम से क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होने की अपील भी की। प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने उनके चर्चित बयान “सनातन सुरक्षित है तो संविधान सुरक्षित है” को लेकर सवाल किया। इस पर राजा भैया ने कहा कि उनके बयान को कुछ लोगों ने जानबूझकर गलत तरीके से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि भारत आज धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र इसलिए है क्योंकि यह हिंदू बाहुल्य देश है। उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम बाहुल्य देशों में धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था नहीं है और अधिकांश स्थानों पर शरीयत आधारित कानून लागू हैं। राजा भैया ने कहा कि वह अपने बयान पर आज भी पूरी तरह कायम हैं। उन्होंने कहा, “जब तक भारत हिंदू बाहुल्य राष्ट्र रहेगा, तब तक संविधान भी सुरक्षित रहेगा और धर्मनिरपेक्षता भी कायम रहेगी।” राजनीतिक दलों द्वारा चुनाव के समय सनातन की चर्चा करने संबंधी सवाल पर राजा भैया ने किसी दल विशेष का नाम लिए बिना कहा कि सनातन धर्म अनादि, अनंत और शाश्वत है। अन्य मत, पंथ और मजहबों की एक निश्चित शुरुआत रही है, जबकि सनातन का कोई प्रारंभ नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज में व्याप्त जातिवाद जैसी बुराइयों को दूर करना समय की आवश्यकता है और हिंदू समाज में जागरूकता बढ़ रही है, जो सकारात्मक संकेत है। कथा आयोजन को लेकर राजा भैया ने कहा कि किसी को भी यह अहंकार नहीं होना चाहिए कि वह कथा करा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भी श्रीराम कथा होती है, वहां भगवान हनुमान स्वयं व्यवस्थाओं का संचालन करते हैं। उन्होंने कहा, “हम और आप केवल कार्यकर्ता हैं। वास्तविक आयोजक और यजमान हनुमान जी महाराज हैं। उनके आशीर्वाद से यह कथा निर्विघ्न संपन्न होगी।” नवंबर में प्रस्तावित कथा को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजन स्थल बेंती कोठी में व्यापक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम बनाया जा रहा है। कथा पंडाल तक वाहनों की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बेंती कोठी के पीछे गांव की ओर से एक चौड़े और भव्य मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही विशाल क्षेत्र में पार्किंग, बैठने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं। राजा भैया का क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि “यह कथा पूरे क्षेत्र और सनातन समाज का महोत्सव है। सभी श्रद्धालु सादर आमंत्रित हैं और अपने परिवार सहित कथा का लाभ उठाएं।”