Home उत्तर प्रदेश दो शिक्षिका के साथ छिनैती मामले में दर्ज हुआ केस

दो शिक्षिका के साथ छिनैती मामले में दर्ज हुआ केस

PRATAPGARH NEWS: दो अलग अलग जगहों पर शिक्षिका के साथ छिनैती व छिनैती का प्रयास की घटना को लेकर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। लालगंज कोतवाली के शीतलमऊ की शालिनी बाला सिंह पत्नी महेन्द्र प्रताप सिंह राजकीय बालिका इण्टर कालेज शीतलमऊ में शिक्षिका हैं। पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि बीती सोलह मार्च को सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह घर से कॉलेज जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में गौतमपुर के समीप अचानक बाइक से दो बदमाश पहुंचे और शिक्षिका के स्कूटी के आगे आकर उसकी सोने की बाली व चेन छीनने लगे। हिम्मत दिखाते हुए शिक्षिका ने सोने की चेन को बगल गेहूं के खेत में फेंक दिया और शोर मचाया तो बदमाश भाग निकले। खोजबीन के बाद शिक्षिका की चेन खेत से बरामद हो गयी। मामले में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं दूसरी घटना में सदर कोतवाली के अष्टभुजा नगर निवासी उपेन्द्र बहादुर सिंह पुत्र स्व0 अयोध्या प्रसाद सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उनकी बहू माया सिंह पत्नी शशांक सिंह लीलापुर थानान्तर्गत प्राथमिक विद्यालय पूरनपुर खजूर में शिक्षिका है। बीते सोलह मार्च को सुबह करीब ग्यारह बजे वह विद्यालय में परीक्षा कार्य सम्पन्न करा रही थी। आरोप है कि इसी बीच बाइक से आये दो बदमाश विद्यालय में घुस आये और शिक्षिका के गले की चेन छीनने लगे। छीना झपटी में बदमाश शिक्षिका की आधी चेन लेकर भाग निकले जबकि आधी शिक्षिका के हाथ में ही रह गयी। थाना प्रभारी वैकुण्ठनाथ पाण्डेय ने कहा कि जांच के बाद बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।