भंते धम्म प्रकाश ने बुद्ध के प्रेम, करुणा और दया के संदेश पर दिया जोर
BHADOHI NEWS: मानव कल्याण समिति के तत्वावधान में दो दिवसीय बौद्ध महोत्सव श्धम्म दर्शना-2026श् का आयोजन किया गया। यह महोत्सव आदर्श बालिका विद्यालय बीरा पट्टी में शनिवार को ध्वजारोहण के साथ शुरू हुआ। महोत्सव के पहले दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें गायक रमेश भंवरा ज्ञानपुर व गायिका लक्ष्मी रागिनी मिर्जापुर के द्वारा गौतम बुद्ध, सम्राट अशोक महान, माता सावित्री बाई फुले, माता फातिमा शेख, पेरियार ललई सिंह यादव और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों तथा संघर्षों का नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत किया गया। सम्राट अशोक बौद्ध विहार सारनाथ के भंते धम्म प्रकाश ने इस अवसर पर कहा कि महात्मा बुद्ध ने दुनिया को प्रेम, करुणा और दया का संदेश दिया था। उन्होंने जोर दिया कि उनके बताए मार्ग पर चलकर ही पूरे विश्व में शांति लाई जा सकती है। उन्होंने बुद्ध के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। भंते धम्म प्रकाश ने आगे कहा कि बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर ने बुद्ध के पंचशील सिद्धांतों को अपनाकर ही समतावादी और मानवतावादी संविधान की रचना की थी। इसी संविधान के कारण सभी को प्रतिष्ठा और अवसर की समानता का अधिकार प्राप्त है। इस मौके अरुण कुमार मौर्य, डॉ. पन्नालाल मौर्य, हीरालाल मौर्य, ओमप्रकाश यादव, जयराम मौर्य, कमलेश पासी, प्रवेशचंद्र मौर्य, सत्यनारायण मौर्य, हरिश्चंद्र मौर्य, डीएस मौर्य, डॉ. श्यामधर मौर्य, सम्राट प्रदीप मौर्य, सुनीता मौर्या, बैजनाथ गौतम, रमेशचंद्र गौतम, विमलेश मौर्य और विनोद गौतम सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।







