नोटो में पंजीकरण कर नागरिक बनें देहदान अभियान का हिस्सा
एडवोकेट राम प्रकाश अग्रवाल व मधु अग्रवाल ने लिया संकल्प, सम्मानित
JHANSI NEWS: मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे के मुख्य आतिथ्य में आयुक्त कार्यालय स्थित बार संघ सभागार में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें एडवोकेट राम प्रकाश अग्रवाल एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मधु अग्रवाल द्वारा मरणोपरांत देहदान के संकल्प हेतु उन्हें सम्मानित किया गया।
यह देहदान महारानी लक्ष्मीबाई चिकित्सा महाविद्यालय, झांसी के शरीर रचना (एनाटॉमी) विभाग को समर्पित किया जाएगा। इस अवसर पर मण्डलायुक्त एवं बार संघ के अधिवक्ताओं ने दोनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने कहा कि भारतीय परंपरा में दान की महान परंपरा रही है, लेकिन मानव कल्याण के लिए देहदान सबसे श्रेष्ठ माना गया है। उन्होंने महर्षि दधीचि का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने देवताओं के हित में अपनी अस्थियों का दान कर अद्वितीय त्याग का परिचय दिया था। उन्होंने कहा कि मानव शरीर के अंग अत्यंत मूल्यवान हैं और इनके दान से अनेक लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गठित नोटो (नेशनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन) के माध्यम से कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन पंजीकरण कर मरणोपरांत अंगदान/देहदान कर सकता है। एडवोकेट राम प्रकाश अग्रवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मनुष्य जीवन अत्यंत दुर्लभ है और देहदान जैसे पुनीत कार्य का संकल्प लेकर उन्हें गर्व और सौभाग्य का अनुभव हो रहा है। उन्होंने मण्डलायुक्त के सरल और प्रेरणादायक व्यक्तित्व की सराहना भी की। डिवीजनल बार एसोसिएशन झांसी के अध्यक्ष श्री देवराज सिंह कुशवाहा ने बताया कि 20 मार्च 2026 को राम प्रकाश अग्रवाल एवं श्रीमती मधु अग्रवाल ने औपचारिक रूप से देहदान का संकल्प लिया। उन्होंने इसे महर्षि दधीचि की परंपरा का अनुकरण बताते हुए समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। कार्यक्रम में अपर आयुक्त (न्यायिक) प्रियंका, बार एसोसिएशन के महामंत्री एडवोकेट लक्ष्मी प्रसाद यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट राजीव कुमार मिश्रा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट नीरज कुमार यादव, कोषाध्यक्ष एडवोकेट तेज सिंह जादौन, सहायक सचिव एडवोकेट अशोक कुमार वर्मा, संयुक्त सचिव एडवोकेट हरनारायण उपाध्याय, ऑडिटर एडवोकेट नूरुद्दीन सिद्दीकी सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।







