Home उत्तर प्रदेश देश की पहली मुस्लिम महिला शिक्षिका फातिमा शेख की धूमधाम से मनाई...

देश की पहली मुस्लिम महिला शिक्षिका फातिमा शेख की धूमधाम से मनाई गई जयंती

कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बुद्ध पार्क के निकट आयोजित हुआ कार्यक्रम

FATEHPUR NEWS: देश की पहली मुस्लिम महिला शिक्षिका ज्ञानज्योति फातिमा शेख की जयंती जनपद में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बुद्ध पार्क के निकट बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों, अधिवक्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम के दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गया प्रकाश दुबे, बाल कल्याण समिति की सदस्य तरन्नुम, महिला थाना से सब इंस्पेक्टर आशा पांडेय, सामाजिक कार्यकर्ता मालती देवी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रूही एडवोकेट ने सामूहिक रूप से केक काटकर फातिमा शेख को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति की सदस्य तरन्नुम ने कहा कि फातिमा शेख द्वारा महिलाओं के लिए खोला गया विद्यालय उस दौर में एक मील का पत्थर साबित हुआ। उन्होंने न केवल महिला शिक्षा को नई दिशा दी, बल्कि सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में भी अतुलनीय योगदान दिया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गया प्रकाश दुबे ने कहा कि फातिमा शेख ने महिलाओं के बीच शिक्षा की जो ज्योति प्रज्वलित की, वह आज भी निरंतर जल रही है। शिक्षा के बल पर आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने साथ-साथ देश का नाम रोशन कर रही हैं। कार्यक्रम के आयोजक मोहम्मद आसिफ एडवोकेट ने बताया कि वर्ष 1848 में फातिमा शेख ने विशेष रूप से दलित और मुस्लिम समुदाय की बालिकाओं को शिक्षित करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने सावित्रीबाई फुले एवं महात्मा ज्योतिबा फुले के साथ मिलकर दलित महिलाओं के उत्थान के लिए अथक प्रयास किए। जब सावित्रीबाई फुले को शिक्षा कार्य के कारण घर से निकाला गया, तब फातिमा शेख के भाई उस्मान शेख ने फुले दंपति को आश्रय दिया। विद्यालय में शिक्षकों की अनुपलब्धता के समय फातिमा शेख स्वयं आगे आकर बालिकाओं को पढ़ाने लगीं। उन्होंने कहा कि फातिमा शेख को दलित-मुस्लिम एकता की एक सशक्त प्रतीक और शिक्षा आंदोलन की अग्रदूत के रूप में सदैव स्मरण किया जाएगा। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के महामंत्री जितेंद्र सिंह, वीर प्रकाश लोधी एडवोकेट, श्रवण कुमार गौड़ एडवोकेट, वीर सिंह एडवोकेट, अनुज दीक्षित एडवोकेट, अजलाल फारुकी एडवोकेट, पूर्व पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद कासिम, पूर्व महामंत्री बचानी लाल, पूर्व महामंत्री आशीष गौड़ सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।