जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
FATEHPUR NEWS: सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में दीवार बनाते समय 11000 वोल्ट के बिजली के तार की चपेट में आने से एक राजगीर की मौत हो गई। परिजनों ने उसे इलाज के लिए फतेहपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पहाड़पुर गांव निवासी 38 वर्षीय शिवराज पुत्र दुखी के रूप में हुई है। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अहमदपुर गांव में इकबाल अहमद के घर पर हुई, जब शिवराज दीवार की चुनाई कर रहे थे। करंट लगने के बाद शिवराज को तत्काल हथगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे फतेहपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर घोष पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों ने बताया कि दीवार की चुनाई करते समय राजगीर 11000 वोल्ट के तार की चपेट में आ गया था। थाना सुल्तानपुर घोष प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने जानकारी दी है कि परिवार की ओर से अभी तक किसी के खिलाफ कोई आरोप या तहरीर नहीं दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह मामला एक हादसा प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद या परिवार द्वारा कोई शंका व्यक्त करने पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।







