FATEHPUR NEWS: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के तत्वावधान तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फतेहपुर द्वारा एलएसयूएम एवं एलएसयूसी जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को श्री कृष्णा विद्या मंदिर, खंभापुर सथरियाव स्थित दिव्यांग शिक्षण संस्थान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्थान के प्रबंधक सीताराम यादव एवं प्रधानाचार्य मनीष यादव ने किया। कार्यक्रम में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अमित कुमार तिवारी, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल शिव सौरभ मिश्रा, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल अशोक कुमार मिश्रा, सुश्री रोशनी उमराव तथा पीएलवी शेखर उपस्थित रहे। इस दौरान दिव्यांग विद्यार्थियों को उनके शैक्षिक एवं विधिक अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न सामाजिक, आर्थिक एवं कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराते हुए बताया गया कि पात्र लाभार्थी इन योजनाओं का लाभ किस प्रकार प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में बच्चों को उनके अधिकारों के संरक्षण, कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा उनके कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि समाज के प्रत्येक दिव्यांगजन तक न्याय एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्राथमिकता है। अंत में उपस्थित सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।







