पं. सोहनलाल द्विवेदी की प्रतिमा व चौराहे का नामकरण कराने का प्रस्ताव
FATEHPUR NEWS: अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद दिव्यांग कल्याण सहायता समिति की एक बैठक महरहा रोड बाईपास चौराहे पर आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रकवि पंडित सोहनलाल द्विवेदी के सम्मान में चौराहे का नाम उनके नाम पर रखने तथा वहां उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग की गई। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रकवि पं. सोहनलाल द्विवेदी बिंदकी कस्बे के निवासी रहे हैं, इसलिए उनके सम्मान में महरहा रोड बाईपास चौराहे का नाम “राष्ट्रकवि पंडित सोहनलाल द्विवेदी चौराहा” रखा जाना चाहिए। साथ ही चौराहे पर उनकी प्रतिमा स्थापित कर नगर की ऐतिहासिक पहचान को सुदृढ़ किया जाए। बैठक में चौराहे पर पेयजल सुविधा के लिए हैंडपंप लगवाने, नियमित सफाई के लिए कर्मचारी नियुक्त करने तथा चौराहे के सौंदर्यीकरण की भी मांग उठाई गई। इस अवसर पर समिति के नए पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए। कार्यक्रम में समिति के प्रबंधक जितेंद्र कुमार मिश्रा अष्टावक्र, जिला अध्यक्ष बलराम सिंह सहित अनेक सदस्य व पदाधिकारी उपस्थित रहे।







