Home उत्तर प्रदेश दिल्ली कार ब्लास्ट को लेकर कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च

दिल्ली कार ब्लास्ट को लेकर कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च

शहीद स्थल पर पहुंचकर मृतकों को दी श्रद्धांजलि, सरकार की नाकामी पर साधा निशाना
FATEHPUR NEWS: दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट की घटना को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा ज्वालागंज स्थित कांग्रेस कार्यालय में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में कांग्रेसजनों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोक सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा सरकार की सुरक्षा नीति पूरी तरह विफल साबित हो रही है। देश में लगातार बढ़ती आतंकी घटनाओं से यह प्रतीत होता है कि सरकार का नियंत्रण समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह बयान कि अब कोई भी आतंकी घटना युद्ध मानी जाएगी, केवल एक खोखला बयान साबित हुआ है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि गृहमंत्री चुनावी रणनीतियों और सत्ता समीकरणों में इतने व्यस्त हैं कि देश की सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है। रक्षा मंत्री की भूमिका भी अब देश में दिखाई नहीं देती, सब कुछ भगवान भरोसे चल रहा है। सभा के उपरांत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल जलाकर ठा. दरियाव सिंह की प्रतिमा तक मौन मार्च किया और शहीदों को नमन किया।
श्रद्धांजलि सभा में प्रमुख रूप से संतोष कुमारी शुक्ला, शेख एजाज अहमद, ई. देवी प्रकाश दुबे, राजीव लोचन निषाद, राम नरेश महाराज, अनुराग नारायण मिश्र, सैयद सहाब अली, आदित्य श्रीवास्तव, चौधरी मोईन राइन, अकरम काले, नौशाद अहमद, उसाफ अहमद, डॉ. हामिद अहमद, नसीम अंसारी, अमीरउज्जमा, रमजान अहमद, अजय बच्चा, कौशल कुमार शुक्ला, नजमी कमर, हम्माद हुसैन, असलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।