Home उत्तर प्रदेश दिन-रात दौड़ रहे ओवरलोड मौरंग लदे वाहन, सड़कें हो रहीं क्षतिग्रस्त, कार्रवाई...

दिन-रात दौड़ रहे ओवरलोड मौरंग लदे वाहन, सड़कें हो रहीं क्षतिग्रस्त, कार्रवाई की उठी मांग

FATEHPUR NEWS: किशनपुर थाना क्षेत्र में ओवरलोड मौरंग लदे वाहनों के संचालन को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि दिन-रात सैकड़ों ट्रक और डंपर ओवरलोड मौरंग लेकर गुजर रहे हैं, जिससे सड़कों की हालत लगातार खराब हो रही है और हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना परिसर से कुछ ही दूरी पर इन वाहनों का आवागमन लगातार जारी रहता है। आरोप है कि कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे हैं, जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों के अनुसार, कुछ ट्रक कथित रूप से निर्धारित प्रपत्रों के बिना उपखनिज का परिवहन कर रहे हैं। कई वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसआरपी) नहीं लगी है, जबकि कुछ वाहनों में आगे या पीछे नंबर प्लेट नहीं दिखाई देती। कुछ मामलों में नंबर प्लेट को कालिख या अन्य सामग्री से ढककर वाहन की पहचान छिपाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि शाम होते ही किशनपुर के वैकल्पिक मार्ग और यमुना सेतु के रास्ते बांदा जनपद से आने वाले ओवरलोड वाहनों की संख्या बढ़ जाती है। आरोप है कि नियमों की अनदेखी के बावजूद इन वाहनों का संचालन लगातार जारी है और संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। मामले पर उपजिलाधिकारी खागा अश्वनी कुमार पांडे ने बताया कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत की जांच कराई जाएगी और यदि जांच में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित वाहनों एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं आरटीओ (प्रवर्तन) प्रतीक मिश्रा ने कहा कि ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।