AURAIYA NEWS: कुदरकोट थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एक विवाहिता की तहरीर के आधार पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, अतिरिक्त दहेज की मांग और जान से मारने के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़िता सिमरन बेगम, निवासी दुर्गेश नगर, थाना रामगढ़, जनपद फिरोजाबाद ने आरोप लगाया कि विवाह के समय उसके मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार करीब तीन लाख रुपये नकद, घरेलू सामान तथा सोने-चांदी के आभूषण दिए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ और विवाह के बाद अतिरिक्त तीन लाख रुपये की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करता रहा। विवाहिता का आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने का प्रयास भी किया गया। काफी समय तक उत्पीड़न झेलने के बाद उसने न्यायालय की शरण ली, जिसके आदेश पर पुलिस ने कार्रवाई की। थाना कुदरकोट पुलिस ने पति समेत सात नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अमर बहादुर सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश एवं प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।







