LAKHIMPUR KHERI NEWS: आगामी त्योहारों और परीक्षाओं के मद्देनजर जनपद के थाना हैदराबाद में ‘पीस कमेटी’ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, संभ्रांत नागरिकों, मौलानाओं और संत-गुरुओं ने हिस्सा लिया।बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष सुनील मलिक ने अपील की कि महाशिवरात्रि और रमजान जैसे पवित्र पर्वों को सभी समुदाय के लोग आपसी मिलजुल कर, सौहार्द और शांति के साथ मनाएं। उन्होंने शिव बारात के मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की और पुलिस बल को क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान यदि चुनावी गुटबाजी या किसी राजनीतिक दल को लेकर विवाद की स्थिति पैदा की गई, तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में बाद में किसी भी सिफारिश या पैरवी को स्वीकार नहीं किया जाएगा। 18 फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए जिन स्थानों पर लाउडस्पीकर लगे हैं, उनकी आवाज अत्यंत धीमी रखी जाए। यदि कहीं भी तय सीमा से अधिक आवाज में लाउडस्पीकर बजता पाया गया, तो उसकी सूचना तत्काल थाने को देने की अपील की गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की स्थिति में जनता तुरंत पुलिस को सूचित करे। बैठक में उप निरीक्षक संतपाल लाल राठौर,जय नारायन यादव, खेमेन्द्र सिह,अशोक कुमार, कोटबारा ग्राम सुशील वर्मा,बांसगांव ग्राम प्रधान सोमनाथ मिश्र, अजान ग्राम प्रधान विपिन यादव,हैदराबाद पूर्व प्रधान चांद खान, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।







