विद्यालयों के छात्र-छात्राओं व संस्कृति विभाग लखनऊ के कलाकार द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम किये गये प्रस्तुत
PRATAPGARH NEWS: हर घर तिरंगा अभियान के द्वितीय चरण में तिरंगा महोत्सव के रूप में तुलसी सदन (हादीहाल) में भव्य तिरंगा “म्यूजिकल कॉन्सर्ट“ महोत्सव का आयोजन किया गया जिसमें संस्कृति विभाग के कलाकार व माध्यमिक विद्यालय तथा प्राथमिक विद्यालय के छात्र/छात्राओं के द्वारा हर घर तिरंगा के थीम पर (स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े हुये देश भक्ति गीतों) सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति की गयी। तिरंगा महोत्सव कार्यक्रम का जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी एवं मुख्य विकास अधिकारी डा0 दिव्या मिश्रा ने दीप प्रज्जवलन व माँ सरस्वती के चित्र पर मार्ल्यापण कर शुभारम्भ किया। तिरंगा महोत्सव कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमलता सिंह, शिक्षक विधायक प्रतिनिधि अभिमन्यु सिंह, जिला विकास अधिकारी के0एन0 पाण्डेय, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 एन0 प्रसाद, प्रधानाचार्य डा0 विन्ध्याचल सिंह, उप प्रधानाचार्य डा0 मो0 अनीस सहित अध्यापक व छात्र-छात्रायें उपस्थित रहे। तुलसीसदन परिसर में बनाये गये तिरंगा महोत्सव सेल्फी प्वाइन्ट पर जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों व छात्र-छात्राओं ने सेल्फी ली।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने बताया है कि हर घर तिरंगा अभियान का तृतीय चरण 13 अगस्त से 15 अगस्त 2025 तक चलेगा, जिसके मध्य सभी शासकीय भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, होटलों, कार्यालयों, बाँधों, पुलों आदि पर ध्वजारोहण समारोह आयोजित किये जायेगे। डीएम ने जनपदवासियों से अपील करते हुये कहा कि तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर उसे वेबसाइट www.harghartiranga.com पर अपलोड करे तथा अपने-अपने घरों पर तिरंगा झण्डा फहरायें। उन्होने झण्डा फहराने के नियम के सम्बन्ध में बताया है कि प्रत्येक नागरिक को अपने आवास/स्कूल तथा सरकारी कार्यालयों में झण्डा सम्मान के साथ झण्डा संहिता का अनुपालन करते हुए फहराना/लगाना है। झण्डा फहराते समय सदैव केसरिया रंग की पट्टी झण्डे के ऊपर की तरफ होनी चाहिए, झण्डे को यदि सरकारी अवसर पर फहराया जाता है तो सूर्योदय के उपरान्त ध्वजारोहण किया जाना चाहिये तथा सूर्यास्त के साथ सम्मान के साथ उतारना चाहिए। निजी आवासों एवं प्रतिष्ठानों पर लगाये जाने वाले झण्डों को उक्त समयावधि के उपरान्त आदर भाव के साथ उतार कर रखा जायेगा। झण्डा उतारने के बाद किसी के भी द्वारा फेंका नहीं जायेगा उसे सम्मान के साथ फोल्ड करके रखा जाना चाहिए। विशेष परिस्थितियों में झण्डा रात्रि में फहराया जा सकता है तथा हर घर पर झण्डा विधिवत तरीके से लगाया जाना चाहिए, आधा झुका, फटा या कटा झण्डा लगाया जाना निषेध होगा।
तिरंगा महोत्सव कार्यक्रम में आत्रेय एकेडमी के छात्र-छात्राओं द्वारा ‘ऐ मेरे वतन के लोगो’ व संविलियन विद्यालय बलीपुर की छात्राओं द्वारा ‘बड़ा नीक लागे आपन देशवा के माटी’ पर आधारित समूह गीत की प्रस्तुति की गयी। साकेत गर्ल्स इण्टर कालेज द्वारा ‘इतिहास का आइना’, उच्चतर प्राथमिक विद्यालय चिलबिला द्वारा ‘मेड इन इण्डिया’ पर आधारित समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया। श्रीराम बालिका इण्टर कालेज द्वारा ‘हमार देशवा सारे जग से निराला’, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय लक्ष्मणपुर द्वारा ‘स्वतंत्रता दिवस पर अपने दिल पर हाथ रख लें’, राजकीय बालिका इण्टर कालेज द्वारा ‘कजरी’ की प्रस्तुति की गयी। इसी प्रकार बीएसएस एकेडमी द्वारा ‘कहते है हमको इण्डिया वाले’, सेन्ट एन्थोनी इण्टर कालेज कालेज द्वारा ‘तेरा हिमालय आकाश छू ले’ पर आधारित कार्यक्रम की प्रस्तुति की गयी। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय गौरा द्वारा ‘वतन ऐ मेरे वतन’ योग पर आधारित सामूहिक नृत्य, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय मानधाता द्वारा ‘राष्ट्रीय भावना’ पर आधारित सामूहिक नृत्य, राजकीय इण्टर कालेज द्वार देशभक्ति गीत पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। संस्कृति विभाग लखनऊ के पंजीकृत कलाकार कमलेश मधुकर द्वारा देशगीत, कारगिल युद्ध पर देशगीत की मनमोहक प्रस्तुति की गयी। साकेत बालिका इण्टर कालेज की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। राजकीय बालिका इण्टर कालेज की छात्राओं द्वारा सरस्वती वन्दना की प्रस्तुति की गयी। इसी प्रकार से जनपद में विभिन्न स्थलों पर तिरंगा रैली, तिरंगा साइकिल रैली, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा मेला आदि के कार्यक्रम आयोजित किये गये जिसमें जनप्रतिनिधिगण, प्रधान, समाज के वरिष्ठ नागरिक, स्वयं सेवी संस्थायें, छात्र-छात्राओं द्वारा बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया गया।







