Home उत्तर प्रदेश तिरंगे के सम्मान से राष्ट्रप्रेम की भावना को किया जागृत

तिरंगे के सम्मान से राष्ट्रप्रेम की भावना को किया जागृत

KAUSHAMBI NEWS: राजकीय महाविद्यालय सिराथू में बुधवार को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और नागरिक जागरूकता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से तिरंगा जागरूकता रैली निकाली गई। प्राचार्य प्रो. संजय प्रसाद शर्मा के निर्देशन में निकली रैली में छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके बाद महाविद्यालय के स्मार्ट क्लास में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. संजय प्रसाद शर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल भारत की पहचान नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता और वीर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान की सदैव रक्षा करे। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में राष्ट्रभक्ति और नागरिक जागरूकता का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सही उपयोग, सम्मान और रख-रखाव के संबंध में जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प दिलाया गया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रध्वज का सम्मान प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व के साथ-साथ जिम्मेदारी भी है। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार ज्ञापन डॉ. उत्तम कुमार शुक्ल ने किया। इस दौरान महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।