Home उत्तर प्रदेश तहसील कोरांव में 18 वें दिन भी जारी रही अधिवक्ताओं की तालाबंदी...

तहसील कोरांव में 18 वें दिन भी जारी रही अधिवक्ताओं की तालाबंदी व हड़ताल

9
0

बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पर हुए हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज हैं अधिवक्ता
कोरांव प्रयागराज। बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष लल्लन कुमार तिवारी पर हुए हमले के विरोध में अधिवक्ताओं की हड़ताल 18वें दिन भी जारी रही। सोमवार को अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में तालाबंदी कर अपना विरोध दर्ज कराया और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसीलदार विनय बरनवाल को जब तालाबंदी की सूचना मिली, तो वे खुद समाधान कक्ष से उठकर अधिवक्ताओं से बात करने पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश देकर ताले खुलवाए।
हालांकि, इसके बाद आक्रोशित अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए दोबारा परिसर में तालाबंदी कर दी। सूचना मिलने पर एसडीएम कोरांव अनिमेष वर्मा और थाना प्रभारी राकेश कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और अधिवक्ताओं के बीच वार्ता हुई, लेकिन अधिवक्ता आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर कायम रहे। अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण तहसील कोरांव में कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने लेखपालों को भी उनके कक्ष से बाहर कर दिया और कक्षों में तालाबंदी कर दी, जिससे तहसील आने वाले अधिकारियों और आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, निर्वाचन संबंधी कार्यों के कार्यालयों में तालाबंदी नहीं की गई थी, लेकिन शेष सभी कार्यालयों में कामकाज ठप रहा। अधिवक्ताओं ने पुलिस और तहसील प्रशासन के विरोध में नारे भी लगाए। तहसीलदार विनय बरनवाल ने हड़ताल कर रहे अधिवक्ताओं से कहा कि गिरफ्तारी का काम थाना प्रभारी का है। उन्होंने अधिवक्ताओं से थाना पर हड़ताल करने और वहां तालाबंदी करने की अपील की, ताकि तहसील में कामकाज सुचारू रूप से चल सके। हालांकि, अधिवक्ताओं ने उनकी बात नहीं मानी और सोमवार को भी तालाबंदी कर हड़ताल जारी रखी।