MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) ड्रमंडगंज पहाड़ी पर बीती रात हुई भीषण अग्निकांड की घटना में 11 निर्दोष लोगों की जलकर मौत हो गई। इस हृदय विदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।गुरुवार को चौबे टोला के सभासद पति गोवर्धन यादव के आवास पर शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा में वक्ताओं ने कहा कि इस घटना से मन अत्यंत व्यथित है। हम सभी मृतकों की आत्मा की शांति हेतु माँ विंध्यवासिनी से प्रार्थना करते हैं। इस घटना से प्रभावित परिवारों के लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है। यह घटना अत्यंत भयावह थी। वक्ताओं ने कहा कि हम सभी सरकारी तंत्र का आभार व्यक्त करते हैं जो रात्रि से ही पूरी तत्परता से मदद में जुटे रहे। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उस क्षति की पूर्ति तो नहीं की जा सकती, परंतु प्रभु से प्रार्थना है कि वे सभी दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। जो लोग घायल हुए हैं, उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं। शोक सभा में अजय मोदनवाल, किशन गुप्ता, श्रीकिशन कसेरा, मनोज गुप्ता, शिवशंकर अग्रहरि, कमलेश मोदनवाल, श्रीराम यादव, युग यादव उपस्थित रहे।







