Home आस्था डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में जन्माष्टमी पर भक्तिमय उत्सव

डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में जन्माष्टमी पर भक्तिमय उत्सव

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल एंड हॉस्टल, लोहिया तालाब की तीनों शाखाओं में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व भक्ति, हर्षोल्लास और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से हुआ। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राएं श्रीकृष्ण, राधा रानी, यशोदा मैया, माखन चोर, सुदामा और ग्वाल-बाल के आकर्षक वेशभूषा में सजे हुए नजर आए। इस अवसर पर श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित सजीव झांकियां प्रस्तुत की गईं। इनमें कारागार में जन्म, वासुदेव द्वारा यमुना पार करना तथा सुदामा-कृष्ण की मित्रता आदि प्रमुख रहे। बच्चों ने कथक शैली में भावपूर्ण नृत्य-नाटिका भी प्रस्तुत की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण को झूला झुलाना रहा। फूलों से सजे झूले पर बाल गोपाल को विराजमान कर छात्रों और शिक्षकों ने बारी-बारी से झूला झुलाया। ‘नंद घर आनंद भयो’ के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इसके बाद सामूहिक आरती उतारी गई। विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती अपराजिता ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, कर्म, प्रेम, त्याग, मित्रता और नेतृत्व की शिक्षा देता है। गीता के उपदेश आज भी कठिन परिस्थितियों में मार्गदर्शन करते हैं। बाल रूप में उनकी नटखट लीलाएं, मित्र रूप में सुदामा के प्रति प्रेम तथा योगेश्वर रूप में गीता ज्ञान—हर रूप में वे जीवन जीने की कला सिखाते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने बड़ी संख्या में भाग लिया।