FATEHPUR NEWS: जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने गुरुवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलवां और पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सरकंडी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली तथा उन्हें बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलवां में डीएम ने छात्राओं से बातचीत कर विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि शौचालयों की नियमित साफ-सफाई कराई जाए, मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए और सभी विषयों के नियमित टेस्ट कराए जाएं, ताकि छात्राओं की शैक्षिक गुणवत्ता के साथ उनका मनोबल भी बढ़े। उन्होंने विद्यालय की रसोई और परिसर में नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया। नए भवनों में सीलन मिलने पर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को कार्यदायी संस्था से पत्राचार कर इसकी लिखित जानकारी लेने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सरकंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनकी आगे की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर का चयन करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य ने जिलाधिकारी को विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी। डीएम ने लाइब्रेरी, कंप्यूटर कक्ष और रसोईघर का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।







