Home उत्तर प्रदेश डीएम ने जनता दर्शन में सुनी जनसमस्याएं

डीएम ने जनता दर्शन में सुनी जनसमस्याएं

शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी
BHADOHI NEWS: डीएम शैलेश कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कक्ष में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को अत्यंत गंभीरता के साथ सुना। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए मौके पर उपस्थित तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि अधिकारी जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक शिकायत का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। डीएम अधिकारियों को उनके मूल कर्तव्यों का बोध कराते हुए कहा कि अधिकारी अपने बेसिक एवं संवेदनशील दायित्वों को समझें और जनहित के कार्यों में पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ जुटें। उन्होंने निर्देश दिया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में केवल औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि धरातल पर फरियादी की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए। शिकायतों को केवल कागजों पर निस्तारित दिखाना स्वीकार्य नहीं होगा। लाइव वीडियो के माध्यम से जुड़े रहे जनपद स्तरीय अधिकारी तकनीकी पारदर्शिता एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस जनता दर्शन कार्यक्रम में जनपद के समस्त जनपद स्तरीय एवं तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी लाइव वीडियो के माध्यम से जुड़े रहे। डीएम ने सीधे पोर्टल एवं वीडियो लिंक के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें तथा प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण करते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जनता दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में फरियादियों ने राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, पेंशन, आवास तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत कीं, जिन पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम (वित्त एवं राजस्व) कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एडीएम (न्यायिक) विजय नारायण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।