Home उत्तर प्रदेश डीएम डॉ. दिनेश चंद्र की अगुवाई में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन,...

डीएम डॉ. दिनेश चंद्र की अगुवाई में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, राजनीतिक दलों को सौंपी गई प्रतियां

JAUNPUR NEWS: विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 06 जनवरी से 06 मार्च 2026 तक दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया संचालित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपने दावे और आपत्तियां दर्ज कराईं। उन्होंने बताया कि मिलान न कराने वाले मतदाताओं की संख्या 2,89,452 रही, जबकि तार्किक विसंगति वाले मतदाताओं की संख्या 5,63,263 दर्ज की गई। कुल 8,52,715 नोटिस जारी किए गए, जिनमें से 27 मार्च तक 8,40,821 मतदाता सुनवाई में उपस्थित हुए। अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार जनपद में कुल 32,18,897 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 17,32,222 पुरुष, 14,86,556 महिला तथा 119 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। विधानसभा वार मतदाताओं की संख्या में बदलापुर में 3,30,446, शाहगंज में 3,81,806, जौनपुर में 4,01,871, मल्हनी में 3,41,284, मुंगराबादशाहपुर में 3,49,094, मछलीशहर में 3,65,941, मड़ियाहूं में 3,13,529, जाफराबाद में 3,50,740 तथा केराकत में 3,84,186 मतदाता शामिल हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक दलों के साथ लगातार संवाद और बैठकें आयोजित की गईं। सभी के सुझावों और फीडबैक को शामिल करते हुए पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया गया।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पुनरीक्षण के दौरान उन्हें पूरा सहयोग मिला।

इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।