Home उत्तर प्रदेश डीएम के छापे में खुली बाबूराज की पोल, लिपिक अमन दूबे गायब...

डीएम के छापे में खुली बाबूराज की पोल, लिपिक अमन दूबे गायब मिला तो कार्यालय पर जड़वा दिया ताला

फाइलें बिखरीं, जवाब गायब; डीएम के तेवर देख अफसरों-कर्मचारियों में मचा हड़कंप
PRATAPGARH NEWS: जिले के  जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय के औचक निरीक्षण ने सोमवार को  कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित विनियमित क्षेत्र कार्यालय की कार्यशैली की परतें उधेड़ दीं। जनता से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्यालय में न केवल अभिलेखों का रख-रखाव बदहाल मिला, बल्कि जिम्मेदार लिपिक अमन दूबे भी अपनी ड्यूटी से नदारद पाए गए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न पत्रावलियों और लंबित मामलों की जानकारी मांगी, लेकिन कार्यालय में मौजूद कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। फाइलों की अव्यवस्थित स्थिति और जवाबदेही के अभाव को देखकर डीएम का पारा चढ़ गया। लिपिक अमन दूबे के अनुपस्थित मिलने पर डीएम ने तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और उन्हें अगले दिन सुबह 10 बजे स्पष्टीकरण के लिए तलब कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उमेश श्रीवास्तव को कार्यालय का कार्यभार सौंप दिया गया।स्थिति इतनी गंभीर पाई गई कि डीएम ने अपने सामने ही कार्यालय में ताला बंद करा दिया। साथ ही दो टूक शब्दों में कहा कि सरकारी कार्यालयों को लापरवाही और मनमानी का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। जनता के कार्यों में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है। डीएम की इस कार्रवाई के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा। कर्मचारियों के बीच यह संदेश भी साफ चला गया कि अब काम में लापरवाही भारी पड़ सकती है।