चार शुत्रिय मांगो को लेकर आमरण अनशन पर बैठे रहे पूर्व लोकसभा प्रत्यासी
KUSHINAGAR NEWS: जनपद में जनहित से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर पूर्व लोकसभा प्रत्याशी वेद प्रकाश मिश्रा ने गुरुवार, 19 मार्च को जिला अधिकारी कार्यालय के बाहर आमरण अनशन पर बैठ गए। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जाएंगी, तब तक वह अनशन समाप्त नहीं करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार जटहा बाजार थाना क्षेत्र के माघी कोठिलवा निवासी वेद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि उन्होंने 9 मार्च 2026 को राष्ट्रपति एवं जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी कुशीनगर को सौंपा था। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने कई जनहित से जुड़ी प्रमुख समस्याओं को उठाया था, लेकिन अब तक उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने अपनी प्रमुख मांगों में रसोई गैस पर प्रति सिलेंडर 60 रुपये की मूल्य वृद्धि समाप्त करने, पडरौना चीनी मिल द्वारा वर्ष 1997-98 का बकाया गन्ना मूल्य ब्याज सहित भुगतान कराने, गोस्वामी तुलसीदास इंटर कॉलेज पडरौना के लगभग 700 छात्रों को हाईस्कूल परीक्षा से वंचित होने की समस्या का समाधान करते हुए इसी सत्र में उनकी परीक्षा आयोजित कर परिणाम घोषित करने तथा कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवा शुरू कराने की मांग शामिल की है। वेद प्रकाश मिश्रा का कहना है कि यदि सरकार उनकी मांगों में से कम से कम दो मांगों को भी तत्काल प्रभाव से पूरा करती है तो वह अनशन समाप्त करने पर विचार करेंगे, अन्यथा सभी मांगें पूरी होने तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि ज्ञापन सौंपते समय ही प्रशासन को चेतावनी दे दी गई थी कि मांगें पूरी न होने की स्थिति में वह आमरण अनशन का रास्ता अपनाएंगे। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम न उठाए जाने के कारण उन्हें यह निर्णय लेना पड़ा।







