फोटो-डीआरएम कप के उद्घाटन पर खिलाड़ियों से मिलते मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल
प्रांजल व अली के शतक, खुशबू भी चमकीं
PRAYAGRAJ NEWS: एमआईसी बी ने डीएसए गर्ल्स टीम को 129 रन से हराकर डीआरएम कप अंडर-14 कलर ड्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला अपने नाम किया। विजेता टीम के प्रांजल सिंह (124 रन, 70 गेंद, 16 चौके, दो छक्के) एवं मोहम्मद अली (121 रन, 74 गेंद, 16 चौके, दो छक्के) ने शतक बनाये। पराजित टीम की खुशबू यादव (73 रन एवं एक विकेट) का प्रदर्शन व्यर्थ हो गया। डीएसए मैदान पर सोमवार रात शुरू हुई प्रतियोगिता के पहले मैच में एमआईसी बी ने 25 ओवर में दो विकेट पर 264 रन (प्रांजल सिंह 124, मोहम्मद अली 121, चंचल 1/49, खुशबू यादव 1/51) बनाए। जवाब में डीएसए गर्ल्स टीम 25 ओवर में 7 विकेट पर 135 रन (खुशबू यादव 73, शिवानी मौर्या 21, अंशिका यादव 14, आरुष पाल 2/15, मुबारक अहमद 2/26, मोहम्मद शायान व मोहम्मद यूसुफ एक-एक विकेट) ही बना सकी। इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया। एडीआरएम धनंजय सिंह एवं सीनियर डीटीआरडी वीरेंद्र वर्मा विशिष्ट अतिथि रहे। मंडल खेलकूद अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन जावेद अहमद ने किया। इस मौके पर मंडल खेल सचिव धर्मेंद्र कुमार निषाद, सुशील ओझा, नितिन सिब्बल, राकेश मिश्र, सुरेश शर्मा, अभिषेक मिश्र, मिश्र आदि मौजूद रहे।





