SIDHARTHNAGAR NEWS: शोहरतगढ़ के लोकप्रिय विधायक विनय वर्मा ने शुक्रवार को विकास खंड शोहरतगढ़ की ग्राम पंचायत करमा (टोला-सेहरिया, सिहोंरवा, डुडवा, औरहवा व करमा) में चौपाल लगाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान, ग्रामीणों ने फूल-माला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। विधायक विनय वर्मा ने कहा कि भाजपा की “डबल इंजन” सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग को विभिन्न लाभकारी योजनाओं का लाभ दे रही है। उन्होंने कहा कि आज स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और बिजली की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। स्वच्छता अभियान के कारण गांव आज स्वच्छ और सुंदर दिख रहे हैं, और खुले में शौच को रोकने के लिए हर गांव में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया गया है। विधायक ने भावुक होते हुए कहा, “मैं शोहरतगढ़ के हितों के लिए लड़ना कभी नहीं छोड़ सकता। मेरे जीवन का हर क्षण और शरीर का हर कण शोहरतगढ़ के नाम है। मैं इन अप्रत्याशित प्रहारों के बावजूद शोहरतगढ़ का साथ कभी नहीं छोडूंगा।” उन्होंने कहा कि चुनौतियों से लड़ने के लिए वह हमेशा तैयार हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज भारत का नाम दुनिया के शक्तिशाली देशों में शुमार है। गरीबों, मजदूरों, किसानों और शोषितों के लिए बहुत काम हुए हैं। आयुष्मान भारत, जनधन खाता, फसल बीमा, उज्ज्वला योजना सहित सैकड़ों योजनाएं सरकार द्वारा चलाई जा रही हैं, जिनसे जनता लाभान्वित हो रही है।
विधायक ने बताया कि शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। बढ़नी में 50 बेड का अस्पताल, खेल स्टेडियम, अग्निशमन केंद्र और शादी घर का निर्माण जल्द होगा। सड़कों का निर्माण भी तेजी से हो रहा है और गांवों में हाईमास्ट लाइटें लगाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि बढ़नी और शोहरतगढ़ में बस अड्डों के लिए वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा, बाढ़ प्रभावित गांवों को स्थायी समाधान दिलाने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा है। चौपाल में विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत जल्द कराई जाएगी। कार्यक्रम के अंत में, उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के लिए कॉपी, किताब और कलम भी वितरित किए।
इस दौरान, प्रधान राम दास मौर्या, हरीश वर्मा, प्रदीप कमलापुरी, मकबूल, हरिराम निषाद, रत्नेश सोनी, विजय कुमार गुप्ता, विष्णु सिंह सहित कई अन्य लोग और समस्त ग्रामवासी मौजूद रहे।







