Home उत्तर प्रदेश ठगी पीड़ितों के बीच पहुंचे कांग्रेस नेता, न्याय दिलाने का दिलाया भरोसा

ठगी पीड़ितों के बीच पहुंचे कांग्रेस नेता, न्याय दिलाने का दिलाया भरोसा

FATEHPUR NEWS: जिले में चिटफंड कंपनियों द्वारा ठगी के शिकार हुए निवेशकों के समर्थन में कांग्रेस नेता शिवाकांत तिवारी ने ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने पीड़ितों को आश्वासन दिया कि उनकी लड़ाई में वह कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़े रहेंगे और जनता का पैसा वापस दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि अनियमित जमा योजनाएं पाबंदी अधिनियम 2019 (BUDS Act) के तहत निवेशकों की डूबी हुई रकम वापस दिलाने का प्रावधान है, लेकिन फतेहपुर में हजारों निवेशक आज भी अपने पैसे के लिए भटक रहे हैं। आरोप लगाया कि जिले में करीब 80 चिटफंड कंपनियों जैसे सहारा, टोगो रिटेल मार्केटिंग लिमिटेड, पल्स, बीएसीएम, जेकेवी, लोकहित रियल, साई प्रकाश, साई प्रसाद आदि ने भोली-भाली जनता को लुभावनी योजनाओं का झांसा देकर अरबों रुपये हड़प लिए, लेकिन भुगतान नहीं किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि भुगतान न मिलने के कारण कई निवेशक आर्थिक रूप से टूट चुके हैं, कुछ परिवार बेघर हो गए और कई लोगों की असमय मृत्यु तक हो चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इन सबका जिम्मेदार कौन है। उन्होंने बताया कि 1 सितंबर 2024 से ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार के बैनर तले अनिश्चितकालीन आंदोलन चल रहा है और जिला अधिकारी कार्यालय में भुगतान पटल के माध्यम से लाखों आवेदन जमा किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिल रहा है। शिवाकांत तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कानून के तहत भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। इस मौके पर जिला अध्यक्ष अंबिका प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष हरिओम प्रजापति, महासचिव सतीश कुमार विश्वकर्मा, युवा जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य, तहसील अध्यक्ष प्रेम कुमार, लोकेश कुमार, प्रदीप कुमार शर्मा, रामस्वरूप वर्मा, राकेश कुमार साहू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।