जीआरपी झाँसी की कार्रवाई, रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया आरोपी
JHANSI NEWS: थाना जीआरपी झाँसी की टीम ने ट्रेनों एवं प्लेटफार्मों पर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के तहत एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से 02 अदद एंड्रॉयड मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत लगभग 40 हजार रुपये) बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेलवे, झाँसी के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई। जीआरपी टीम ने रेलवे स्टेशन झाँसी के लोकेशन बॉक्स के पास रेलिंग के निकट से आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रदीप शहरिया पुत्र बाबूलाल शहरिया, निवासी अड़वाहा थाना जखौरा जिला ललितपुर के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध थाना जीआरपी झाँसी में मु0अ0सं0 108/2025 एवं 321/2026 धारा 305(सी)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी चलती ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करता था। बरामद मोबाइल फोन में एक वीवो कंपनी का नीले रंग का तथा दूसरा सैमसंग कंपनी का काले रंग का है। अभियुक्त के आपराधिक इतिहास के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक रावेन्द्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार राय, अजय कुमार एवं सतीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जीआरपी की इस कार्रवाई से यात्रियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।







