Home उत्तर प्रदेश ट्रिपल आत्महत्या कांड: पीड़ित परिवार से मिला कांग्रेस का प्रदेश डेलिगेशन, मदद...

ट्रिपल आत्महत्या कांड: पीड़ित परिवार से मिला कांग्रेस का प्रदेश डेलिगेशन, मदद का दिया आश्वासन

कांग्रेस ने सरकार से 50 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग की

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से कराई गई फोन पर बात

डेलिगेशन ने हर संभव मदद और न्याय दिलाने का दिया भरोसा
FATEHPUR NEWS:  जनपद में हाल ही में हुए ट्रिपल आत्महत्या कांड के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। बुधवार को कांग्रेस का प्रदेश स्तरीय डेलिगेशन पीड़ित परिवार से मिलने उनके निवास पीरनपुर पहुंचा और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
बताया जा रहा है कि चौफेरवा क्षेत्र के श्रीवास्तव परिवार में बीते दिनों मां, बेटे और चाचा द्वारा आत्महत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस दर्दनाक घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और पूरी घटना की जानकारी ली। डेलिगेशन से बातचीत के दौरान मृतक पुत्र के पिता सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि करीब पांच वर्ष पहले पारिवारिक जरूरतों के चलते उन्होंने कुछ लोगों से लगभग पांच लाख रुपये का कर्ज लिया था। आरोप है कि आरोपियों द्वारा उनसे लगभग 25 लाख रुपये वसूल लिए गए, जिसके लिए परिवार को अपनी संपत्ति तक बेचनी पड़ी। इसके बावजूद लगातार और पैसों की मांग की जा रही थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा धमकी दी जा रही थी कि उन्हें हरिजन एक्ट में फंसा दिया जाएगा, जिससे परिवार काफी भयभीत था। इसी मानसिक दबाव के चलते बेटे, भाई और पत्नी ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। मामले की जानकारी लेने के बाद कांग्रेस डेलिगेशन ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। साथ ही राज्य सरकार से मांग की कि परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए और 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। इस दौरान डेलिगेशन ने फोन के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय से भी परिजनों की बातचीत कराई। अजय राय ने भी हर संभव मदद का आश्वासन दिया। सभी नेताओं ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता मिलनी चाहिए। डेलिगेशन में जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी, शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा, मनीष श्रीवास्तव, पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, अमित राय, ई. देवी प्रकाश दुबे, आदित्य श्रीवास्तव, नदीम सक्सेना, शेख एजाज अहमद, कलीम उल्ला सिद्दीकी, सलीम खान, आशीष गौड़ और अमित श्रीवास्तव सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी शामिल रहे।