KAUSHAMBI NEWS: प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘स्कूल चलो अभियान’ के शुभारंभ अवसर पर शनिवार को वाराणसी स्थित कंपोजिट विद्यालय शिवपुर से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कराया गया। कड़ा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में भी इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण टैबलेट के माध्यम से बच्चों को दिखाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामकृष्ण साहू, शिक्षिका माया सिंह व शिक्षामित्र बीरेंद्र कुमार सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के संबोधन के उपरांत शिक्षकों ने बच्चों को ‘स्कूल चलो अभियान’ के उद्देश्य, शिक्षा के महत्व व अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को नियमित विद्यालय आने, शिक्षा के प्रति जागरूक रहने व अन्य बच्चों को भी स्कूल आने के लिए प्रेरित करने की अपील की। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों में उत्साह देखा गया और उन्होंने अभियान के प्रति सकारात्मक रूख प्रदर्शित किया।







