JAUNPUR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देश पर जिला पूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारु बनी हुई है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए 275 पेट्रोल/डीजल पंपों के माध्यम से ईंधन की सतत उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है।
रविवार को जनपद के पंपों पर 1558 के.एल. डीजल और 1182 के.एल. पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। इसके साथ ही ऑयल डिपो से नियमित आपूर्ति भी लगातार जारी है, जिससे किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। विभाग के अनुसार, 28 मार्च को अचानक बढ़ी मांग के कारण छह पंपों पर अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म हो गया था, लेकिन ऑयल कंपनियों के सहयोग से वहां भी आपूर्ति दोबारा शुरू कर दी गई है। पूर्ति विभाग के अधिकारी और निरीक्षक लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन की अपील:
जिला पूर्ति अधिकारी संतोष कुमार शाही ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें और किसी भी स्थिति में पेट्रोल-डीजल का भंडारण करने का प्रयास न करें। आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।







