Home उत्तर प्रदेश जौनपुर में ईद-उल-अजहा सौहार्द के साथ संपन्न, डीएम-एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था...

जौनपुर में ईद-उल-अजहा सौहार्द के साथ संपन्न, डीएम-एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

7 सुपर जोन, 28 जोन में बंटा था जिला, कुर्बानी के अवशेष निस्तारण के निर्देश
JAUNPUR NEWS: बृहस्पतिवार को जनपद में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्यौहार पूरी तरह शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. तथा पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने प्रमुख मार्गों का भ्रमण कर शांति व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से संवाद किया और उन्हें ईद की मुबारकबाद दी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनपद को 07 सुपर जोन, 28 जोन व 156 सेक्टरों में विभाजित किया गया था। प्रत्येक स्तर पर सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, सुपर जोनल पुलिस अधिकारी, जोनल मजिस्ट्रेट तथा जोनल पुलिस अधिकारी तैनात किए गए थे। सभी अधिकारी भ्रमणशील रहकर पल-पल की निगरानी करते रहे, जिससे त्यौहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईद-उल-अजहा पर्व पर कुर्बानी के पश्चात अवशेषों का निस्तारण समुचित ढंग से कराना सुनिश्चित करें। साथ ही नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, प्रशिक्षु आईपीएस सृष्टि जैन, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी वि/रा परमानंद झा, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।