Home उत्तर प्रदेश जीआरपी ने दो अंतरराज्यीय असलहा तस्करों को पकड़ा

जीआरपी ने दो अंतरराज्यीय असलहा तस्करों को पकड़ा

मध्य प्रदेश से लाकर कानपुर में बेचते थे अवैध हथियार

JALAUN NEWS: जीआरपी थाना उरई और जीआरपी स्वाट टीम झांसी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित मध्य प्रदेश से अवैध असलहा लाकर कानपुर में बेचते थे। इनके कब्जे से तीन पिस्टल मय मैगजीन और एक तमंचा बरामद हुआ है। जीआरपी थानाध्यक्ष नागेंद्र सरोज ने बताया कि गुरुवार रात प्लेटफार्म नंबर एक के आगे झांसी की दिशा में गश्त के दौरान दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। भागने का प्रयास करने पर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से तीन 32 बोर की पिस्टल और एक 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपितों की पहचान हरकिशोर दुबे उर्फ शिवम पुत्र राधेश्याम दुबे निवासी ग्राम चिरूला थाना चिरूला जिला दतिया (मध्य प्रदेश) और आशीष मिश्रा पुत्र अवधेश मिश्रा निवासी वार्ड नंबर एक, रामनगर कॉलोनी थाना कोतवाली दतिया (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। दोनों ने कबूल किया कि वे खरगौन (मध्य प्रदेश) से असलहा खरीदकर कानपुर में ऊंचे दामों पर बेचते हैं। बरामद तीन पिस्टल 10-10 हजार रुपये में खरीदी थीं, जिन्हें 20-25 हजार रुपये में बेचने का सौदा था। इसी तरह 315 बोर का तमंचा पांच हजार रुपये में खरीदा गया था, जिसे कानपुर में 8-10 हजार रुपये में बेचने की योजना थी।
आरोपितों ने बताया कि खरगौन से असलहा खरीदने के बाद वे बस से झांसी आए थे। झांसी स्टेशन पर चेकिंग सख्त होने के कारण वे बस से उरई पहुंचे और यहां से ट्रेन पकड़कर कानपुर जाने की फिराक में थे। गिरफ्तारी करने वाली टीम में जीआरपी उरई के सुरेंद्र प्रताप सिंह, अनुभागीय क्यूआरटी झांसी प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप कुमार, हेड कांस्टेबल देवेंद्र कुमार, इमरान, सतपाल सिंह और संजेश कुमार शामिल रहे।