डीएम ने उपकेंद्र बैरीपरवा सीएचओ मीनाक्षी देवी के फर्जी उपस्थिति दर्ज करने के मामले में कमेटी गठन के दिए निर्देश
BHADOHI NEWS: जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की मासिक समीक्षा बैठक सोमवार को डीएम शैलेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। उन्होंने समीक्षा के दौरान गोपीगंज के उपकेंद्र बैरीपरवा सीएचओ मीनाक्षी देवी के फर्जी उपस्थिति एएमएस पर दर्ज कराने पर सीडीओ व जिला विकास अधिकारी को कमेटी गठन करने के साथ जांच कर रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला चिकित्सालय महराजा चेतसिंह के सीएमएस द्वारा स्टॉप नर्स की मांग की गई। जिसपर डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिए कि तत्काल स्टॉप नर्स की संबद्धता कराए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के हर कार्यक्रम की कंपोजिट रिपोर्ट अगले बैठक में प्रस्तुत किए जाए। सभी एमओआईसी आशा व एएनएम की हफ्ते में बैठक कर सघन समीक्षा करने के निर्देश दिए। यूनिसेफ, यूएनडीपी की तरह समस्त एमओआईसी अपने ब्लॉकों में जाकर स्थलीय विजिट कर अवलोकन करें। मातृत्व दर का सही डेटा प्रस्तुत किए जाए। सीएचसी, पीएचसी के इंफ्रास्ट्रक्चर पर बल देते हुए खराब स्थिति को ठीक करने का निर्देश दिए। डीएम ने स्वास्थ विभाग की लापरवाहियों पर नाराजगी जताते हुए कड़े निर्देश दिए कि सभी डॉक्टर जनपद में निवास करें। अन्यथा निरीक्षण में अनुपस्थित पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बैठक की कार्यवृत्ति अगले दिन तक अवश्य उनके समक्ष प्रस्तुत किए जाए। सीएमओ डॉ.संतोष कुमार चक ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं व क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति से डीएम को अवगत कराया। इस मौके पर सीडीओ बालगोविंद शुक्ल, समस्त जिला अस्पतालों के सीएमएस, समस्त एसीएमओ, डीपीआरओ संजय मिश्र, बीएसए विकास चैधरी, स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी व कर्मचारी, समस्त एमओआईसी आदि उपस्थित रहें।







