एक पेड़ मां के नाम थीम” पर हर व्यक्ति को पेड़ लगाने की जरूरत पर जोर दिया
SAHARANPUR NEWS: बिहारीगढ़ शिवालिक वन प्रभाग की मोहण्ड रेंज स्थित खुजनावर डिपो परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी ने एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के तहत पिलखन का पेड़ लगाकर वन महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे तथा वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष सहारनपुर मांगेराम चौधरी बतौर मुख्य अतिथि शिवालिक वन प्रभाग की मोहण्ड रेंज में पहुंचे, और यहां उन्होंने उत्तर प्रदेश वन निगम के खुजनावर डिपो परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन (एक पेड़ मां के नाम) कार्यक्रम के तहत पिलखन और मोलश्री का एक-एक पौधा रोपित कर वन महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उसके बाद उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश की आबादी बढ़ने से पर्यावरण संतुलन बिगड़ने का खतरा है जिसे रोकने के लिए हम सभी को मिलकर अधिक से अधिक पेड़ लगाने जरूरी हो गए हैं, उन्होंने आह्वान किया कि प्रधानमंत्री की और से जारी थीम के तहत हर व्यक्ति को “एक पेड़ मां के नाम” जरूर लगाना चाहिए। आज वन विभाग के इस कार्यक्रम में शामिल होकर मुझे भी खुद की जिम्मेदारी का एहसास हो रहा है। प्रेमलता (पूर्व ब्लाक प्रमुख) एवं जिला पंचायत सदस्य मुकेश चौहान, प्रभागीय वनाधिकारी शुभम सिंह, वनक्षेत्राधिकारी मोहण्ड लव सिंह ने भी अपने विचार रखे। वन विभाग की तरफ से खुजनावर डिपो परिसर में पीपल, जामुन, नीम, कटहल, पिलखन, आंवला, अमरूद, मौलश्री आदि विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए।







