Home उत्तर प्रदेश जिला अस्पताल में महिला से ठगी, बातों में उलझाकर चैन और नकदी...

जिला अस्पताल में महिला से ठगी, बातों में उलझाकर चैन और नकदी ले उड़े दो युवक

PRATAPGARH NEWS: जिला अस्पताल परिसर में एक महिला से ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार जेठवारा थाना क्षेत्र के सबलगढ़ डेरवा गांव की निवासी नाजिया बानो पत्नी मो. रिजवान अपनी बीमार सास के इलाज के लिए 6 मार्च को जिला अस्पताल प्रतापगढ़ आई थीं। बताया गया कि शनिवार 7 मार्च को दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच नाजिया बानो अपनी सास के लिए खाने-पीने का सामान लेने अस्पताल के बाहर चली गईं और अपने बेटे को सास के पास छोड़ दिया। वापस अस्पताल में प्रवेश करते समय गेट के पास दो अज्ञात युवक मिले, जिन्होंने बातों में उलझाकर महिला को निदान केन्द्र (अल्ट्रासाउंड) के बाहर रोक लिया। आरोप है कि इसी दौरान दोनों युवकों ने धोखाधड़ी करते हुए महिला की सोने की चैन और पर्स में रखे सास के इलाज के लिए करीब 8 से 10 हजार रुपये निकाल लिए। महिला के मुताबिक जब तक वह कुछ समझ पाती, तब तक दोनों युवक मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन आरोपियों का कोई पता नहीं चल सका।
पीड़िता ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जाएगी।