Home उत्तर प्रदेश जातिगत जनगणना को लेकर यादव महासभा ने किया जागरूक

जातिगत जनगणना को लेकर यादव महासभा ने किया जागरूक

मेधावी छात्र सम्मान समारोह की बनी रणनीति
FATEHPUR NEWS : अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा, जौनपुर इकाई की मासिक बैठक गौरव शिक्षा संस्थान, धर्मापुर में प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश संगठन प्रभारी एवं जिलाध्यक्ष लालजी यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन करंजाकला ब्लॉक अध्यक्ष मायाकांत यादव ने किया। इसमें संगठन की मजबूती, जातिगत जनगणना और मेधावी छात्र सम्मान समारोह सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए महासभा के वरिष्ठ संरक्षक एवं पूर्व सीएमओ डॉ. राम अवध यादव ने जातिगत जनगणना को लेकर समाज के लोगों को जागरूक और सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी जातिगत जनगणना समाज की भागीदारी और अधिकारों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। उन्होंने समाज के लोगों से जनगणना के दौरान जाति के कॉलम में स्पष्ट रूप से ‘यादव’ दर्ज कराने तथा किसी अन्य उपनाम या शीर्षक का प्रयोग नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की संख्या स्पष्ट होने से विभिन्न क्षेत्रों में उसकी भागीदारी और अधिकारों की मांग को मजबूती मिल सकती है। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी एकजुटता बनाए रखने तथा गांव-गांव तक जनगणना को लेकर जागरूकता पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में बताया गया कि प्रदेश अध्यक्ष अशोक यादव एडवोकेट के नेतृत्व में जातिगत जनगणना के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से 22 अगस्त को आगरा से अभियान की शुरुआत की जाएगी। पदाधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के लोगों से सक्रिय भागीदारी की अपील की। बैठक में 6 सितंबर को अवध पैरामेडिकल कॉलेज, पंचहटिया में प्रस्तावित मेधावी छात्र सम्मान समारोह की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम का संयोजक महासभा के वरिष्ठ संरक्षक एवं पूर्व सीएमओ सोनभद्र डॉ. राम अवध यादव को बनाया गया है। पदाधिकारियों ने समारोह में समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया। इसके साथ ही संगठन को ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को महासभा से जोड़ने तथा समाज के सामाजिक एवं शैक्षिक विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने पर जोर दिया गया। बैठक में वरिष्ठ संरक्षक जियाराम यादव, संरक्षक लाल बहादुर यादव, डॉ. राजपति यादव, विजय यादव, माया शंकर यादव, पन्ना लाल यादव, मोतीलाल यादव, राम प्रकाश यादव एडवोकेट, जनार्दन यादव, शिव शंकर एडवोकेट, राजेंद्र प्रकाश यादव, सर्वेश यादव, दयाराम यादव एडवोकेट, राम आसरे यादव सहित विभिन्न ब्लॉक एवं तहसील पदाधिकारी और बड़ी संख्या में महासभा के सदस्य मौजूद रहे।