Home आस्था जयकारों के साथ गांव – बस्ती पहुंची दुर्गा प्रतिमाएं

जयकारों के साथ गांव – बस्ती पहुंची दुर्गा प्रतिमाएं

FATEHPUR NEWS: शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर रविवार से मां दुर्गा की स्थापना का शुभारंभ हो गया है। नगर से लेकर गांव–गांव तक भक्तिमय माहौल बना हुआ है। ढोल–नगाड़ों और जोरदार जयकारों के बीच दुर्गा प्रतिमाओं को ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप व अन्य वाहनों से सजाकर बस्ती–बस्ती पहुंचाया गया। इस दौरान जगह–जगह ग्रामीणों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
भक्तों ने “जय माता दी” के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। महिलाएं और बच्चे रास्तेभर फूल बरसाकर माता रानी की अगवानी करते दिखे। प्रतिमा स्थापना के बाद मंडपों में पूजा–अर्चना, भजन–कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हो गया है। पंडालों को आकर्षक लाइटिंग और रंगीन झांकियों से सजाया गया है। आयोजकों ने भक्तों से शांति और सौहार्द के साथ उत्सव मनाने की अपील की है। आने वाले नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना के साथ–साथ धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।
इसी कड़ी में खागा तहसील क्षेत्रांतर्गत थाना सुल्तानपुर घोष के प्रेमनगर कस्बे में नवरात्रि से पूर्व मां दुर्गा की मूर्तियां लेने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। कस्बे में तीन मूर्तिकारों ने मां दुर्गा, गणेश और लक्ष्मी की कुल 500 मूर्तियों का निर्माण किया है। इनमें से प्रेमनगर कस्बे से 111 मूर्तियों की बिक्री हो चुकी है। वहीं भैरवां खुर्द की मूर्ति कमेटी के सदस्यों ने मूर्तियों की पूजा-अर्चना की। अनिल विश्वकर्मा, पवन मौर्य, रितेश कुमार, शिव कुमार, गुड्डा, कल्लू, विकास और नवीन चंद सहित दर्जनों भक्त मूर्तियों को अपने-अपने गांव ले गए। इस दौरान मां दुर्गा भवानी के जयकारों से पूरा कस्बा गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं में मूर्ति स्थापना को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।