FATEHPUR NEWS: जनपद में विभिन्न सरकारी विभागों में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और आम जनता तथा अधिवक्ताओं को हो रही समस्याओं को लेकर गुरुवार को कचहरी स्थित दीवानी हाल में अधिवक्ताओं की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक आंदोलन चलाने की रणनीति तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता रवीन्द्र परमार ने की। इस दौरान उपस्थित अधिवक्ताओं ने प्रशासनिक एवं राजस्व विभागों में कथित अनियमितताओं, रिश्वतखोरी और मुकदमों के निस्तारण में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सबसे पहले राजस्व विभाग में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि राजस्व संबंधी मामलों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब और अनियमितताएं आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराए जाने के साथ आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके अलावा अन्य सरकारी विभागों में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार के विरोध में भी चरणबद्ध आंदोलन चलाने की रणनीति बनाई गई। अधिवक्ताओं ने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। बैठक में अधिवक्ताओं ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया और कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। बैठक में रवीन्द्र परमार, संतोष कुमार त्रिपाठी, ब्रज कुमार, सुरेश चन्द्र सिंह गौतम, गजेन्द्र सिंह सेंगर, मायाराम गौतम, राम सिंह, विजय कुमार सिंह, प्रेमशंकर अवस्थी, राम नारायण दीक्षित, सुनील कुमार मिश्र, जितेन्द्र, रमेश सिंह, सैयद आसिफ मकसूद, अविनाश कुमार सिंह, विक्रम सिंह, फातिमा बेगम, संजय कुमार, श्रीराम पटेल, गया प्रसाद दुबे सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।







