परित्यक्ता, तलाकशुदा, निराश्रित व दहेज पीड़ित महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर
FATEHPUR NEWS: मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत रविवार को जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं के उत्थान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के लिए व्यापक स्तर पर “बहू-बेटी अभियान” चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने गांवों और कस्बों में चौपाल, जागरूकता सम्मेलन और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए। अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने विशेष रूप से परित्यक्ता, तलाकशुदा, विधवा, निराश्रित, कामकाजी महिलाओं तथा दहेज उत्पीड़न की शिकार महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया। उन्हें महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों, स्वावलंबन और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। महिलाओं को दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम -2023 के प्रमुख प्रावधानों और पीड़ित-केंद्रित न्याय व्यवस्था के बारे में भी जागरूक किया गया। इस दौरान जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए। मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं को महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही आपात स्थिति में डायल 112, महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, जननी सुरक्षा 102, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस सेवा 108 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के बारे में बताया गया। इसके अलावा निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, नारी शक्ति वंदन योजना, नारी सम्मान-नारी सुरक्षा योजना और कन्या सुमंगला योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं को विधिक सहायता के लिए फैमिली काउंसलिंग और निःशुल्क विधिक परामर्श की उपलब्धता के बारे में भी बताया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए सरकारी योजनाओं एवं कानूनी सहायता से जोड़ना रहा।







