डीएम एवं एसपी ने परीक्षा केन्द्रों का किया निरीक्षण, सुविधाओं की जांची व्यवस्था
PRATAPGARH NEWS: जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक डा0 अनिल कुमार ने जनपद में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा दिनांक 27 जुलाई को आयोजित होने वाली समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) (आरओ/एआरओ) की परीक्षा को सकुशल, शुचितापूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों द्वारा परीक्षा केन्द्र आत्रेय एकेडमी, बीएसएस एकेडमी व न्यू एन्जिल्स सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल का निरीक्षण कर केन्द्र व्यवस्थापकों व अन्य सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होने केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा, पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाओं की जानकारी की, साथ ही सम्बन्धित अधिकारियो ंको आवश्यक दिशा निर्देश दिये। डीएम ने निर्देशित किया कि कोई भी प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र में न जाने पाए। उन्होने निर्देशित किया कि कोई भी कक्ष निरीक्षक परीक्षा के दौरान मोबाइल लेकर कक्ष में प्रवेश नहीं करेगें। मोबाइल फोन का इस्तेमाल केन्द्र व्यवस्थापक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट यदि आवश्यकता पड़ती है तो परीक्षा कक्ष के बाहर इस्तेमाल कर सकेगें। परीक्षा कक्ष में किसी भी परिस्थिति में मोबाइल फोन का उपयोग नहीं किया जायेगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में होने चाहिए। सभी कर्मचारी अपनी आईडी के साथ उपस्थित रहें। परीक्षा में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाये रखने हेतु हर स्तर पर सतर्कता बरती जाये। नकलविहीन परीक्षा हेतु अभ्यर्थियों की कड़ाई से चेकिंग की जाये एवं किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही की जाये। पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अवांछनीय तत्वों पर नजर रखने और यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस बल को आवश्यक निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा उपस्थित रहे।
इसी प्रकार अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) आदित्य प्रजापति एवं सह जिला विद्यालय निरीक्षक आरपी सरोज द्वारा परीक्षा केन्द्र कालूराम इण्टर कालेज शीतलागंज, स्नातकोत्तर महाविद्यालय पट्टी, रानी राजेश्वरी कुमारी इण्टर कालेज दिलीपपुर, डाल्फिन पब्लिक स्कूल छीटपुर, राजकीय बालिका इण्टर कालेज व लोकमान्य तिलक इण्टर कालेज का स्थलीय निरीक्षण कर केन्द्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। जनपद में 23 परीक्षा केन्द्रों पर आरओ/एआरओ की परीक्षा आयोजित की जायेगी जिसमें कुल 10632 परीक्षार्थी सम्मिलित होगें। परीक्षा पूर्वान्ह 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक होगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिये 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 23 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 23 केन्द्र व्यवस्थापक और 23 सह केन्द्र व्यवथापक नियुक्त किये गये है। आरओ/एआरओ परीक्षा की शुचिता एवं सुरक्षा शासन की शीर्ष प्राथमिकता है जिसके लिये प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।







