Home उत्तर प्रदेश छोटा राज्य-बड़ा विकास, अबकी बार बुंदेलखंड राज्य: प्रवीण बुन्देलखण्डी

छोटा राज्य-बड़ा विकास, अबकी बार बुंदेलखंड राज्य: प्रवीण बुन्देलखण्डी

अभियान के 32वें दिन प्रधानमंत्री को भेजी राखियाँ

FATEHPUR NEWS: बुंदेलखंड राष्ट्र समिति द्वारा चलाए जा रहे “एक राखी बुंदेलखंड के नाम” महाअभियान के 32वें दिन रविवार को खागा तहसील के विकास खंड विजयीपुर स्थित टेसाही गांव में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस महाअभियान के अंतर्गत कृष्ण जन्माष्टमी तक बुंदेलखंड के विभिन्न जिलों के स्कूलों, गांवों और शहरों से प्रतिदिन राखियाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजी जा रही हैं, ताकि राखी के पावन अवसर पर पृथक बुंदेलखंड राज्य की माँग को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिले। बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय ‘बुंदेलखंडी’ ने कहा कि छोटा राज्य बनने से विकास की बयार तेज़ी से बहेगी, संसाधनों का न्यायपूर्ण बंटवारा होगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ राखी भेजने का नहीं, बल्कि पूरे बुंदेलखंड की आवाज़ दिल्ली तक पहुँचाने का अभियान है। कार्यक्रम संयोजक रोहित यादव और उत्कर्ष त्रिवेदी ने बताया कि गांव-गांव और स्कूल-कॉलेजों में छात्र-छात्राओं, किसानों और महिलाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग स्वयं आगे आकर राखियाँ और पाती लिखकर प्रधानमंत्री को भेज रहे हैं। नास्त्रेदमस त्रिपाठी ने कहा कि बुंदेलखंड की दशकों पुरानी उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और यह महाअभियान हमारी एकजुटता और संकल्प का प्रतीक है। मौके पर उपस्थित किसानों ने एक सुर में माँग की कि उन्हें इस बार राखी का सच्चा उपहार मिले – पृथक बुंदेलखंड राज्य।