जांच में दोषी पाए जाने पर की जायेगी विभागीय विधिक कार्यवाही (खंड शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार)
AURAIYA NEWS: अजीतमल क्षेत्र के ग्राम सेनगपुट्ठा निवासी एक छात्रा का कानपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोप है विद्यालय के एक अध्यापक ने उसकी मारपीट की थी। छात्रा के पिता ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। लेकिन पुलिस अभी तक किसी निष्कर्ष पर नही पहुंची है। सेनगपुट्ठा गाँव निवासी शिवकुमार शर्मा, ऑटो चलाकर परिवार का पालन करता है। गाँव स्थित परिषदीय विद्यालय में उसकी पुत्री कामिनी शर्मा, कक्षा 4 की छात्रा है। बीते 8 अगस्त को छुट्टी के बाद कुछ स्कूली बच्चे कामिनी को सहारा देकर घर ले आये। कामिनी ने बताया कि एक अध्यापक ने छुट्टी होने के समय घूसों से उसकी मारपीट की है। स्वजनों ने अध्यापक से संपर्क करने की कोशिश की। तो अध्यापक ने बात को अनसुना कर दिया। कामिनी की हालत बिगड़ती देख स्वजन उसे सीएचसी अजीतमल ले आये। और अध्यापक के खिलाफ प्रार्थना पत्र पुलिस को दिया। पुलिस ने छात्रा को डाक्टरी उपचार के लिए सीएचसी अजीतमल भेज दिया। जहाँ डाक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। स्वजन, छात्रा का इलाज कानपुर के निजी अस्पताल मे करवा रहे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर विभागीय विधिक कार्यवाही की जायेगी। वहीं कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है जांचकर विधिक कार्यवाही की जाएगी।







