निर्यातकों ने सम्मान अपने बुनकरों और मजदूरों को किया समर्पित
BHADOHI NEWS: चार कालीन निर्यातकों को प्रदेश सरकार ने राज्य निर्यात पुरस्कार से सम्मानित किया है। मंगलवार को लखनऊ के एक होटल में औद्योगिक विकास, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग मंत्री नंदगोपाल नंदी ने विजेताओं को ये पुरस्कार प्रदान किए। राज्य से निर्यात को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार हर साल निर्यातकों से आवेदन आमंत्रित करती है। आवेदनों के आधार पर विजेताओं का चयन किया जाता है। वर्ष 2023-24 के लिए कालीन उद्योग से हस्तनिर्मित ऊनी, सूती कालीन और दरी श्रेणी में आर्ट पैलेस को प्रथम तथा अग्नि इनोवेट्स को द्वितीय पुरस्कार मिला। इसी तरह, ऊन एवं ऊनी उत्पादों की श्रेणी में भदोही कार्पेट्स को प्रथम और सूर्या कार्पेट्स को द्वितीय पुरस्कार से नवाजा गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में इफ्तेखार अहमद, प्रदीप दुबे, आयुष बरनवाल और शिव प्रकाश तिवारी शामिल थे। समारोह में एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस (फियो) के महानिदेशक व सीईओ डॉ.अजय सहाय और फियो उत्तर प्रदेश के प्रमुख आलोक भी उपस्थित रहे। पुरस्कार मिलने पर प्रसन्न निर्यातकों ने इस सम्मान को अपने बुनकरों और मजदूरों को समर्पित किया।
भदोही कार्पेट्स के आयुष बरनवाल ने कहा कि बड़े ऑर्डर मिलने पर उन्हें समय पर तैयार करना सबसे चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में हमारे बुनकर और फिनिशिंग करने वाले मजदूर ही हमारा काम आसान करते हैं। अग्नि इनोवेट्स की अल्पा मेवावाला ने बताया कि ऐसे प्रोत्साहन से हमें और बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है, जिससे न केवल हम बल्कि हमारे बुनकर और मजदूर भी प्रेरित होते हैं।
07







