PRAYAGRAJ/MANDA NEWS: मांडा थाना क्षेत्र के बरहा कला (बबुरा) गांव में शनिवार देर रात घर के बाहर चारपाई पर सो रही वृद्धा की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है। बरहा कला (बबुरा) निवासी कस्तूरा देवी (62), पत्नी स्व. उमाशंकर बिंद, शनिवार रात भोजन के बाद घर के बाहर चारपाई पर सो रही थीं। उनकी नातिन राधा (16) घर के अंदर सो रही थी। देर रात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। रविवार सुबह ग्रामीणों ने आवाज लगाई तो कोई हलचल नहीं हुई। पास जाकर देखने पर वृद्धा मृत मिलीं। सूचना पर गांव में भीड़ जुट गई। ग्रामीणों और परिजनों ने गला दबाकर हत्या की आशंका जताई है। ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर एसीपी मेजा एसपी उपाध्याय, कार्यवाहक थाना प्रभारी माधव प्रसाद त्रिपाठी समेत पुलिस बल और फोरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतका की बेटी ऊषा देवी ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
बढ़ते अपराधों पर उठे सवाल, पुलिस की कार्यशैली पर ग्रामीणों का आरोप
वहीं क्षेत्र में बढ़ते अपराधों से लोगों में दहशत है। लगातार हो रही घटनाओं के बीच अब ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जमीन से जुड़े विवादों में पुलिस अपराधियों को संरक्षण देती है और उनसे वसूली करती है। उनका आरोप है कि अपराधी घटनाओं को अंजाम देने के बाद भी खुलेआम घूमते हैं, जबकि पुलिस बाद में कार्रवाई कर अपनी पीठ थपथपाती है।
यह भी आरोप है कि पुलिस आरोपियों को कहीं और से पकड़कर तय स्थान से गिरफ्तारी दिखाती है और जेल भेज देती है। हालांकि, सभी आरोपी पकड़े जाने से पहले ही कई मामलों में अदालत से जमानत मिल जाती है।
प्रभारी के अस्वस्थ रहने से मौजूदा पुलिस कर्मियों की चांदी
ग्रामीणों के अनुसार, थाना प्रभारी अनिल कुमार वर्मा के अस्वस्थ होने के चलते थाने का संचालन एक उपनिरीक्षक कर रहा है, जिस पर मनमानी के आरोप लग रहे हैं। वहीं, उच्च अधिकारी इस स्थिति पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बहाल हो सके।








