FATEHPUR NEWS: सदर कोतवाली क्षेत्र के सनगांव गांव मोड़ के समीप भाई के साथ बाइक से ससुराल जा रही महिला चलती बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सेमरहटा गांव निवासी संतोष की 23 वर्षीय पत्नी राधा देवी असोथर थाना क्षेत्र के सेमरी गांव अपने मायके आई हुई थी। वहां से उसका छोटा भाई 20 वर्षीय अजीत कुमार उसे बाइक से वापस उसकी ससुराल सेमरहटा गांव छोड़ने जा रहा था। बताया जाता है कि जब बाइक सदर कोतवाली क्षेत्र के सनगांव गांव की मोड़ से लिंक रोड पर पहुंची, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से राधा देवी चलती बाइक से गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सरकारी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है। घायल महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे उसके भाई अजीत कुमार ने घटना की जानकारी दी।







