MIRZAPUR NEWS: सुनील कुमार गुप्ता जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौंकी अंतर्गत गुरुवार की भोर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाप-बेटे की मौत हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह ने बताया कि 30 जुलाई को करीब 3 बजे थाना विंध्याचल के पुलिस चौकी गैपुरा क्षेत्रान्तर्गत कलना गहरवार गांव के पास प्रयागराज की तरफ से आ रहा सीमेंट लदा कंटेनर संख्या `MP 19ZQ9901` अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर में घुस गया और पलट गया। इस दौरान घर में चारपाई पर सो रहे शिव प्रसाद गुप्ता पुत्र गंगा प्रसाद गुप्ता, उम्र 45 वर्ष की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं उनके 13 वर्षीय पुत्र रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची विंध्याचल पुलिस ने घायल रोहित को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर और उपजिलाधिकारी सदर मय पुलिस बल मौजूद रहे। हादसे के बाद थोड़ी देर बाधित हुआ आवागमन अब सामान्य रूप से संचालित है।







