उच्चाधिकारियों के यहां लगाई न्याय की गुहार
JHANSI NEWS: थाना कोतवाली क्षेत्र के ओरछा गेट अंदर मोहल्ले में दबंगों द्वारा एक युवती के घर में घुसकर मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता सायना पुत्री मंजूर ने डीआईजी झांसी परिक्षेत्र से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 मार्च की रात करीब 10 बजे सायना अपने घर के बाहर निकली थी। तभी वहां पहले से मौजूद दबंग युवक लोग खड़े थे। आरोप है कि सभी ने अश्लील हरकतें करते हुए अभद्र टिप्पणियां कीं। भयभीत होकर पीड़िता घर के अंदर चली गई, लेकिन आरोपी जबरन घर में घुस आए और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पीड़िता के भाई आसिफ, पिता और माता ने बीच-बचाव किया, लेकिन आरोपियों ने डंडों से उन पर भी हमला कर दिया, जिससे भाई और पिता को गंभीर चोटें आई हैं। हंगामा सुनकर मोहल्ले के लोग एकत्रित हुए, जिसके बाद आरोपी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़िता का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर दी गई थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। वहीं, थाने में शिकायत करने के बाद जब वह वापस घर लौटी, तो आरोपी दोबारा आ गए और पत्थरबाजी कर दी। किसी तरह परिवार ने घर के अंदर घुसकर अपनी जान बचाई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी क्षेत्र के दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, जिनके खिलाफ पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। घटना के बाद से परिवार दहशत में है। पीड़िता ने उच्चाधिकारियों से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है







