FATEHPUR NEWS: बांदा सागर रोड स्थित ग्रीन बॉक्स ग्राउंड में आयोजित ग्रीन बॉक्स प्रीमियर लीग 2026 के लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष (प्रधान संघ) सुशील सिंह चंदेल रहे। मैचों में पावर इलेवन और टीचर्स इलेवन ने शानदार जीत दर्ज कर अपनी दावेदारी मजबूत की। दिन के पहले मुकाबले में पावर इलेवन का सामना बुलेट हब से हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए पावर इलेवन ने निर्धारित 12 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 107 रन बनाए। टीम की ओर से सलोने तिवारी ने 39 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि सचिन कुमार ने 18 रन का योगदान दिया। जवाब में बुलेट हब की टीम 11.5 ओवर में 70 रन पर सिमट गई। इस तरह पावर इलेवन ने 37 रनों से प्रभावशाली जीत दर्ज की। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए सलोने तिवारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में टीचर्स इलेवन ने ढकौली इलेवन को 25 रनों से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीचर्स इलेवन ने 12 ओवर में 4 विकेट पर 119 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ढकौली इलेवन की टीम 12 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 94 रन ही बना सकी। टीचर्स इलेवन के महेंद्र वर्मा ने 35 गेंदों में 54 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें 14 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उन्होंने गेंदबाजी में भी एक विकेट हासिल किया। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस अवसर पर आशीष शुक्ला जीतू, देवेंद्र प्रकाश द्विवेदी, कमल किशोर गुप्ता, योगेंद्र कुमार, मुन्ना सिंह, अमित श्रीवास्तव, श्रीश शुक्ला, अभिषेक सेंगर, विश्वनाथ सिंह, मनोज कुमार, आकाश शुक्ला, पंकज पासवान, सम्राट गौतम, आयुष अग्रहरि, संदीप श्रीवास्तव, प्रेम सिंह और रतन कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग एवं सैकड़ों खेल प्रेमी मौजूद रहे। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में आयोजक समिति, अंपायरों, स्कोररों और सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।







