FATEHPUR NEWS: तहसील खागा क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर गौंती में ग्राम समाज की भूमि पर कथित निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और पैमाइश कराने की मांग जिलाधिकारी से की है। मोहम्मदपुर गौंती निवासी अनिल सिंह पुत्र स्वर्गीय लाल सिंह एवं नसरुल हसन पुत्र अब्दुल हसन ने प्रशासन को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि ग्राम समाज की भूमि से संबंधित गाटा संख्या 5690 एवं 5691 के पास निर्माण कार्य कराया गया है। उनका कहना है कि राजस्व अभिलेखों के आधार पर पैमाइश कर यह स्पष्ट किया जाए कि निर्माण निजी भूमि पर है या ग्राम समाज की भूमि प्रभावित हुई है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार संबंधित भूमि के निकट स्थित क्षेत्र में किए गए निर्माण को लेकर ग्रामीणों में आशंका है। उन्होंने प्रशासन से मौके की जांच, सीमांकन और सत्यापन कराने के साथ ही दोष पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है। मामले में उपजिलाधिकारी खागा डॉ. अभिनीत कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद विभागीय कर्मचारियों से जांच कराई गई थी। जांच के दौरान मौके पर कोई निर्माण कार्य होता नहीं पाया गया। उन्होंने कहा कि उपलब्ध रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई है। वहीं चकबंदी अधिकारी विनोद जैसल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की उपलब्धता होने पर राजस्व विभाग के साथ संयुक्त पैमाइश कराई जाएगी। यदि जांच में ग्राम समाज की भूमि पर किसी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में पहुंच चुका है और ग्रामीण निष्पक्ष जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि ग्राम समाज की भूमि से जुड़े मामलों का पारदर्शी निस्तारण होना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।







