नेवादा के कंपोजिट विद्यालय पेरई में कार्यक्रम का हुआ आयोजन
KAUSHAMBI NEWS: विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विकासखंड नेवादा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय पेरई में गौरैया संरक्षण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गौरैया संरक्षण के लिए सक्रिय अभिभावकों, महिलाओं और बच्चों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खंड शिक्षा अधिकारी बृजेश सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन के साथ प्रारम्भ किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि गौरैया पर्यावरण संतुलन की महत्वपूर्ण कड़ी है, लेकिन बदलते परिवेश के कारण इसकी संख्या में लगातार गिरावट आ रही है। उन्होंने लोगों से घरों, आंगनों और मंदिरों के आसपास दाना-पानी की व्यवस्था करने को कहा। कार्यक्रम के आयोजक राज्य पुरस्कार प्राप्त ग्रीन शिक्षक हरिओम सिंह ने बताया कि वे लगातार लोगों को इस मुहिम से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि गौरैया संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण की भी रक्षा हो सके। उन्होंने कहा कि बर्ड एंड नेचर प्रोटेक्शन के माध्यम से आमजन को जोड़कर पर्यावरण संरक्षण और गौरैया बचाने के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापक सत्यवती देवी के मार्गदर्शन और इको क्लब टीम के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में गौरैया संरक्षण के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने वाले अभिभावकों को अंगवस्त्र और सकोरा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित एआरपी अभय सिंह और राजीव जायसवाल ने कहा कि इस दिशा में सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं। छोटे-छोटे प्रयासों से ही गौरैया को विलुप्त होने से बचाया जा सकता है। कार्यक्रम में गर्मी के मौसम को देखते हुए पक्षियों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रामप्रकाश साहू, एसएमसी अध्यक्ष हरजीवन, शिक्षक शिक्षक चक्रपाणि मिश्रा, विजेता कनौजिया, मनु शर्मा, सोनी गुप्ता, अर्चना सिंह, अन्नू केसरवानी, सपना श्रीवास्तव, हुबलाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और बच्चे मौजूद रहे।







