आवारा पशुओं को हटाने के लिए रोकी थी गाड़ी, तभी लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप
JHANSI NEWS: गुरसरांय में गैस सिलेंडर की सप्लाई करने जा रहे चालक के साथ सड़क पर मारपीट कर नकदी छीनने का मामला सामने आया है। घटना के बाद घायल चालक ने डायल-112 पर सूचना देने के साथ ही थाना टहरौली में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। ग्राम सरसैड़ा निवासी राघवेंद्र अहिरवार पुत्र मुन्नालाल अहिरवार आकांक्षा भारत गैस एजेंसी, गरौठा में चालक के रूप में कार्य करता है। पीड़ित के अनुसार, 7 अगस्त को वह एजेंसी की गाड़ी संख्या यूपी 93 बीटी 2011 से ग्राम बसारी में गैस सिलेंडर की सप्लाई करने गया था। सिलेंडर वितरित करने के बाद वह वापस लौट रहा था। राघवेंद्र ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि मैंगांव-बसारी मार्ग पर पुलिया के पास सड़क पर कुछ आवारा पशु आ जाने के कारण उसने वाहन रोक दिया। इसी दौरान पास में मौजूद ग्राम बसारी निवासी एक व्यक्ति कथित रूप से उसके पास आया और बिना किसी बात के लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसकी जेब में रखी सिलेंडर बिक्री की रकम 13,902 रुपये जबरन छीन ली गई। आरोप है कि हमलावर ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी भी दी कि यदि थाने गया तो जान से मार दिया जाएगा। मारपीट में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद घायल चालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। पीड़ित ने थाना टहरौली पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपते हुए घटना की जांच कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा छीनी गई रकम बरामद कराने की मांग की है.







